मिलन स्क्वायर कॉम्प्लेक्स के तृतीय तल पर अवैध निर्माण सील

सिविल लाइंस इलाके में PDA की कार्रवाई से मचा हड़कंप, चार कमरों में रह रहे थे होटल कर्मचारी

प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने सिविल लाइंस क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिलन स्क्वायर कॉम्प्लेक्स परिसर के तृतीय तल पर किए गए निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, निक्की सरदार द्वारा कॉम्प्लेक्स के तृतीय तल पर नियमों को ताक पर रखकर चार कमरों का निर्माण कराया गया था। इन कमरों में मिलन होटल के कुछ कर्मचारी रह रहे थे। PDA की जांच में निर्माण को स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को सील कर दिया।
जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर अवैध निर्माण पाए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा।

