सिराथू सर्किल के सीओ सत्येंद्र तिवारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने का आदेश

असल में एससी/एसटी एक्ट से जुड़े वर्ष 2018 के एक मुकदमे में गवाही के लिए बार-बार बुलाए जाने के बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर तत्कालीन विवेचक व वर्तमान सीओ सत्येंद्र तिवारी के खिलाफ विशेष न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाया है। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) वाराणसी सुधाकर राय की अदालत ने तत्कालीन विवेचक सत्येंद्र प्रसाद तिवारी वर्तमान में सीओ सिराथू को गिरफ्तार कर 10 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश करने का आदेश दिया है।साथ ही उनके वेतन पर भी रोक लगाने का आदेश दिया गया है। न्यायालय ने चीफ ट्रेजरी ऑफिसर को भी निर्देशित किया है कि अग्रिम आदेश तक विवेचक सत्येंद्र प्रसाद तिवारी के वेतन का आहरण रोक दिया जाए। आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट भी न्यायालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

