October 25, 2026

एनसीसी अभियान दल ने परवा गांव में चलाया स्वच्छता, योग एवं नौसेना जागरूकता अभियान

0

 

एनसीसी अभियान दल ने परवा गांव में चलाया स्वच्छता, योग एवं नौसेना जागरूकता अभियान


प्रयागराज से वाराणसी के लिए रवाना हुआ वन यूपी नेवल एनसीसी का अभियान दल शनिवार दोपहर परवा गांव पहुंचा। गांव पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।


शनिवार की शाम कैडेट्स द्वारा गांव में संध्या फेरी निकाली गई। इसके पश्चात विद्यालय में, जहां अभियान दल के ठहरने की व्यवस्था की गई थी, ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को एक प्रेरणादायक फिल्म दिखाई गई। इस दौरान गांव के युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कैडेट्स ने युवाओं के सवालों के जवाब दिए तथा उन्हें सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


रविवार सुबह कैडेट्स ने गांव में प्रभात फेरी निकाली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद गंगा नदी के तट पर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया। कैडेट्स ने लोगों को गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया।


इसी क्रम में गंगा तट पर योगाभ्यास आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक आचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों को योगाभ्यास कराया। वे विभिन्न एनसीसी यूनिट्स में भी योग सत्र आयोजित कर चुके हैं और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करते रहे हैं। वन यूपी नेवल एनसीसी के कमान अधिकारी कमांडर रवि मिश्रा ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, शरीर को स्वस्थ रखने तथा कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है। उन्होंने आम नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
अभियान के दौरान कैडेट्स और ग्रामीण युवाओं को भारतीय नौसेना में शामिल होने के विभिन्न अवसरों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। पेटी ऑफिसर विवेक मिश्रा और पेटी ऑफिसर अशोक कुमार भट्ट ने युवाओं को नौसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया तथा लिखित प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और अनुशासित दिनचर्या अपनाने से संबंधित मार्गदर्शन दिया।
अभियान दल द्वारा की गई सेलिंग गतिविधि के दौरान कैडेट्स ने नौकायन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। इस गतिविधि ने उनमें टीमवर्क, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान किया।
परवा गांव में जनजागरूकता गतिविधियों के सफल आयोजन के पश्चात अभियान दल रविवार दोपहर बाद हरगढ़ पहुंचा और अपने अगले कार्यक्रम की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, योग को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को भारतीय नौसेना में करियर के अवसरों से परिचित कराना है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे