पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के 5 घायल पहुंचे SRN, चार की हालत अत्यंत गंभीर

प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा स्वयं उपचार में जुटे, ट्रामा सेंटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने संभाला मोर्चा
प्रयागराज-कौशांबी सीमा क्षेत्र में सोमवार को पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट के बाद पांच घायलों को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (SRN) के ट्रामा सेंटर लाया गया। इनमें चार मरीज अत्यंत गंभीर अवस्था में हैं। घायलों के पहुंचते ही ट्रामा सेंटर की टीम सक्रिय हो गई और बिना किसी विलंब के जांच, प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंधन शुरू किया गया।
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा स्वयं ट्रामा सेंटर पहुंचे और उपचार व्यवस्था की कमान संभाली। अस्थि रोग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. वर्मा ने स्वयं घायलों का परीक्षण किया तथा चिकित्सकीय टीम के साथ ड्रेसिंग एवं आवश्यक उपचार में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
गंभीर घायलों के उपचार के लिए ट्रामा, सर्जरी एवं क्रिटिकल केयर से जुड़ी टीम को तत्काल सक्रिय किया गया। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. अनिल सिंह, ट्रामा सेंटर प्रभारी डॉ. राजकुमार चौधरी, सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वैभव श्रीवास्तव, डॉ. सूर्यभान कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया।
चार अत्यंत गंभीर मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक ट्रामा एवं क्रिटिकल केयर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने संबंधित टीमों को घायलों की लगातार निगरानी और उपचार में किसी भी स्तर पर विलंब न होने के निर्देश दिए हैं।

