फाफामऊ में मेदांता के डॉक्टरों ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में लोगों ने कराई जांच

फाफामऊ, प्रयागराज। शांतिपुरम स्थित काश मेडिकेयर हॉस्पिटल में लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल के डॉक्टरों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, पुरुष और युवा पहुंचे और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई।
शिविर में डॉ. उमर उबेद ने मरीजों की गंभीरता से जांच की और उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाव के साथ-साथ खान-पान एवं दैनिक जीवनशैली को लेकर महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
वायरल फीवर से बचाव को लेकर डॉ. उमर उबेद ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फ्रिज में लंबे समय से रखा हुआ या बासी खाना खाने से बचना चाहिए। तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए और भोजन में संतुलित आहार को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, पर्याप्त पानी पीने और नियमित दिनचर्या अपनाने पर भी जोर दिया।
मेदांता हॉस्पिटल की टीम ने शिविर में पहुंचे मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और बीमारी के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया। डॉक्टरों ने लोगों को विभिन्न बीमारियों के कारण, लक्षण और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ रही। मरीजों ने मेदांता हॉस्पिटल के डॉक्टरों के व्यवहार और उनके द्वारा सरल भाषा में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की सराहना की। लोगों ने कहा कि ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आम जनता के लिए बेहद उपयोगी हैं, जिससे समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से उचित परामर्श मिल जाता है।

