धर्मांतरण कराने के आरोप को लेकर बजरंग दल व श्रीराम सनातन सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया
लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के रायपुर भदेशवा गांव में रविवार दोपहर एक घर में चर्च संचालित करने और धर्मांतरण कराने के आरोप को लेकर बजरंग दल व श्रीराम सनातन सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।
संगठन को सूचना मिली कि गांव के एक मकान में चर्च चलाया जा रहा है, जहां हिंदू लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए राजी किया जा रहा है। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति मिला, जिसकी पहचान दौधन खेड़ा, बरौली खलीलाबाद निवासी चंद्रिका प्रसाद के रूप में हुई।
संगठन का आरोप है कि उन्होंने हिंदू नाम रखकर लोगों को गुमराह किया।
वहां से ईसाई धार्मिक पुस्तकें, पर्चे और एक डायरी मिली, जिसमें दो बकरी, पानी की टंकी आदि देने का उल्लेख बताया गया। कुछ लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने सभी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस का कहना है कि वहां चार-पांच लोग अपनी मर्जी से प्रार्थना कर रहे थे। 2009-10 से वहां चर्च जैसा स्थान चल रहा है। कोई पीड़ित या लिखित शिकायत अभी सामने नहीं आई है। जांच जारी है।

