दशाश्वमेध घाट पर गूंजा “हर-हर गंगे” का जयघोष

गंगा विचार मंच की 150 से अधिक महिलाओं ने किया जलाभिषेक, स्वच्छता का दिया संदेश

*प्रयागराज, 9 अगस्त।* श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार की प्रातः प्रयागराज के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। “हर-हर गंगे, हर-हर महादेव” और “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
गंगा विचार मंच, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के बैनर तले पूर्व उपमहापौर एवं प्रांत संयोजक *अनामिका चौधरी निषाद* के नेतृत्व में 150 से अधिक महिलाओं ने अपने पदाधिकारियों के साथ मां गंगा में डुबकी लगाकर जल भरा और विधिवत पूजन के बाद घूरपुर स्थित *मनकामेश्वर महादेव मंदिर* पहुंचकर जलाभिषेक किया।
*स्वच्छता और जागरूकता पर जोर*
जलाभिषेक से पूर्व कार्यकर्ताओं ने दशाश्वमेध घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर प्लास्टिक और कचरा बीनकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। अनामिका चौधरी निषाद ने स्नानार्थियों और कांवरियों से अपील की कि वे सिंगल यूज पॉलीथीन का प्रयोग न करें और घाट को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा, “गंगा हमारी आस्था ही नहीं जीवनदायिनी भी हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। श्रावण में जलाभिषेक के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “गंगा बचाओ-देश बचाओ”, “स्वच्छ घाट-स्वस्थ समाज” जैसे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को घाटों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्टेट ऑफिसर *राजीव मिश्रा*, पूर्व पार्षद *शिवा त्रिपाठी*, *नीलम शुक्ला*, *जान्हवी निषाद*, *प्रिया चौधरी*, *संतोष तिवारी*, *पंकज राय*, *भीम सिंह*, *अन्नू निषाद*, अधिवक्ता *अजय द्विवेदी*, *मेजर सुनील निषाद*, *दिलीप सेन*, *अरुण निषाद*, *उपेंद्र चौहान*, *ऊषा देवी*, *गीता गुप्ता* सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं मंच के पदाधिकारी जलाभिषेक में शामिल हुए।

