शादी समारोह में युवक की हत्या

प्रयागराज में शादी समारोह में युवक की हत्या कर दी गई। वजह यह थी कि उसने खाली प्लॉट में पेशाब करने का विरोध किया। आरोप है कि इस पर सिपाही भड़क गया। फिर उसने साथियों के साथ चापड़ और तंदूर बनाने वाली लोहे की सरिया से हमला कर दिया।युवक पर 6-7 वार किए गए। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही मिनटों में उसकी जान चली गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। गेस्ट हाउस में तोड़-फोड़ की।शव सड़क पर रखकर बैठ गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। हालांकि, बाद में अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।मुख्य आरोपी सिपाही का नाम सुनील कनौजिया है। उसकी ताऊ की बेटी की शादी थी। मृतक की पहचान राजेश निषाद के रूप में हुई। घटनास्थल से 100 मीटर दूर ही उसका घर है। मामले में पुलिस ने सुनील कनौजिया और अन्य 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरी घटना गुरुवार रात नैनी थाना क्षेत्र के कुशवाहा गेस्ट हाउस के सामने हुई।नैनी इंस्पेक्टर ब्रज किशोर गौतम ने बताया कि जिस कुशवाहा गेस्ट हाउस में बारात आई थी, वहां से 100 मीटर की दूरी पर राजेश का मकान है। उसके पास ही खाली प्लॉट है। इस प्लॉट में राजेश के माता-पिता की समाधि बनी हुई है और वहीं राजेश की गाड़ी खड़ी रहती है।
बाराती इसी प्लॉट में टॉयलेट कर रहे थे। राजेश ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। मारपीट में राजेश की मौत हो गई। परिजनों ने तहरीर दी है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील कुमार कनौजिया को जौनपुर से अरेस्ट कर लिया गया है। इसके साथ अन्य 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मामले की पूरी जांच पड़ताल के लिए टीम गठित की गई है।

