February 27, 2026

केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में पहली बार सफल कीमोथेरेपी

0

केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में पहली बार सफल कीमोथेरेपी

केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में दिनांक 11 जनवरी 2026 को कैंसर पीड़ित 74 वर्षीय महिला की कीमोथेरेपी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। मरीज को एडवांस्ड कार्सिनोमा गॉलब्लैडर से पीड़ित पाया गया था।

यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि यह पहली बार है जब चिकित्सालय परिसर में ही कीमोथेरेपी की सुविधा प्रदान की गई। इससे पूर्व रेलवे चिकित्सालय के लाभार्थियों को कीमोथेरेपी हेतु अन्य अस्पतालों में रेफर किया जाता था।

उक्त कीमोथेरेपी प्रक्रिया कैंटोनमेंट बोर्ड, प्रयागराज की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. वैशाली सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी. के. पांडे एवं डॉ. एस. के. पांडेय की देखरेख में, केंद्रीय चिकित्सालय उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के चिकित्सा निदेशक डॉ. एस. के. हांडू के मार्गदर्शन में तथा डॉ. अनुराग यादव एवं डॉ. संजय कुमार की उपस्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी के अंतर्गत संपन्न हुई।

चिकित्सकों की समन्वित टीम द्वारा की गई इस जटिल चिकित्सा प्रक्रिया के उपरांत कीमोथेरेपी पूर्णतः सफल रही। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर एवं संतोषजनक बताई गई है। आगे के उपचार एवं नियमित फॉलो-अप हेतु आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया है।

रेलवे चिकित्सालय में इस महंगी एवं जटिल चिकित्सा सुविधा के प्रारंभ होने से न केवल रेलवे राजस्व की बचत होगी, बल्कि रेल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को भी यह सुविधा अब सहज, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे