महिला आरक्षण पर राजनीति नहीं, सभी दल राष्ट्रहित और आधी आबादी के अधिकारों के लिए करें सहयोग: केशव प्रसाद मौर्य
महिला आरक्षण पर राजनीति नहीं, सभी दल राष्ट्रहित और आधी आबादी के अधिकारों के लिए करें सहयोग: केशव प्रसाद मौर्य

महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक कदम, विकसित भारत के निर्माण में मजबूत होगी नारी शक्ति की भूमिका
लखनऊ, 28 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने कैम्प कार्यालय, सात-कालिदास मार्ग पर महिला आरक्षण के विषय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की नारी शक्ति को अधिकार, सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। महिला आरक्षण केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व का विषय नहीं है, बल्कि देश की आधी आबादी को नीति निर्धारण, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में बराबर का अवसर देने का संकल्प है। सबके प्रतिनिधित्व और सबकी भागीदारी से ही सबकी आकांक्षाओं का भारत बनेगा*।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व में संसद के दोनों सदनों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होना देश के संसदीय इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अधिनियम में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अब केंद्र सरकार इस आरक्षण को शीघ्र प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़कर लगभग 816 हो सकती है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें 80 से बढ़कर 120 तथा विधानसभा की सीटें 403 से बढ़कर लगभग 605 होने का प्रस्ताव है। सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देने के साथ ही सभी राज्यों में प्रतिनिधित्व के अवसर बढ़ेंगे। इससे गांव, कस्बों और शहरों की समस्याओं तथा आकांक्षाओं को सदनों तक पहुंचाने के लिए अधिक जनप्रतिनिधि उपलब्ध होंगे।
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां लोकसभा और विधानसभा में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से प्रदेश के गांवों, गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने क्षेत्र का नेतृत्व करने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। अधिक प्रतिनिधित्व से लोकतंत्र मजबूत होगा और सामाजिक न्याय का संकल्प भी साकार होगा। जब निर्णय प्रक्रिया में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होगी, तभी विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना पूर्ण होगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें विकास का नेतृत्वकर्ता और राष्ट्र निर्माण का भागीदार बनाया है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन किया है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
मौर्य ने कहा कि आज भारत की नारी केवल परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि वह नीति निर्माता, नेतृत्वकर्ता और राष्ट्र निर्माण की सक्रिय भागीदार बनकर आगे बढ़ रही है। महिला आरक्षण से पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को और अधिक अवसर मिलेंगे। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की आवाज मजबूत होगी तथा उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण में उचित स्थान मिलेगा। महिला सशक्तीकरण का अगला चरण महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में निर्णायक भागीदारी दिलाना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनका उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के प्रयासों में विपक्ष ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। वर्ष 2023 में जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में लाया गया और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक अवसर सामने आया, तब जिन दलों ने इसका विरोध किया, उन्हें देश की महिलाएं अवश्य याद रखेंगी। आधी आबादी के अधिकारों के मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति उचित नहीं है।
उन्होंने सभी विपक्षी नेताओं से अपील की कि वे महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का विरोध न करें। इसे दलगत राजनीति के चश्मे से देखने के बजाय देशहित, लोकतंत्र की मजबूती और महिलाओं के अधिकारों के दृष्टिकोण से देखें। यह प्रस्ताव संविधान की मूल भावना, समान अवसर और व्यापक जनप्रतिनिधित्व की भावना के अनुरूप है। सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर इसका समर्थन करना चाहिए, ताकि संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कराने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि महिला आरक्षण को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जाए। इसके लिए प्रस्तावित संवैधानिक और परिसीमन संबंधी विधायी कदम महत्वपूर्ण हैं। हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक दल राष्ट्रहित में सहयोग करेंगे। जिस दिन यह व्यवस्था लागू होगी, वह देश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर होगा। उत्तर प्रदेश सहित पूरा देश इस उपलब्धि का उत्सव मनाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की आधी आबादी को विकास, प्रतिनिधित्व और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नारी शक्ति को देश की शक्ति बनाने का संकल्प लिया है और हम इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। नारी शक्ति का सम्मान, विकसित भारत की पहचान है। आधी आबादी को अधिकार और नेतृत्व में भागीदारी मिलने से देश को नई रफ्तार मिलेगी।

