November 28, 2026

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की द्वितीय छमाही बैठक का आयोजन

0

 

*भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की द्वितीय छमाही बैठक का आयोजन*

लखनऊ, 27 नवम्बर, 2026। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र, अलीगंज, लखनऊ में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की द्वितीय छमाही बैठक का आयोजन श्री राजिन्दर कुमार, अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र तथा अध्यक्ष, नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजय कुमार चौधरी, सहायक निदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, गाजियाबाद, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार उपस्थित रहे।


बैठक में लखनऊ स्थित नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ के लगभग 40 सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों/प्रभारियों एवं प्रतिनिधियों को मिलाकर लगभग 85 प्रतिभागियों द्वारा सहभागिता की गई ।


इस अवसर पर नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ की संयुक्त हिंदी पत्रिका ‘शंखनाद’ के द्वितीय अंक तथा भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राज्य इकाई : उत्तर प्रदेश, लखनऊ की हिंदी गृह पत्रिका ‘वसुंधरा’ के द्वितीय अंक का विमोचन किया गया।


बैठक के दौरान श्री ओम प्रकाश, सदस्य सचिव, नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ द्वारा केंद्रीय सरकार के कार्यालयों में राजभाषा के कार्यान्वयन हेतु जारी राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 का विवरण प्रस्तुत किया गया जिसके आधार पर 40 सदस्य कार्यालयों की अवधि 01 अप्रैल 2026 से 30 सितम्बर, 2026 तक की छमाही रिपोर्टों की मदवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान राजभाषा नियम1963 के धारा 3(3) एवं राजभाषा नियम 5 के अनुपालन की स्थिति, हिंदी पत्राचार, टिप्पण लेखन, कार्यशालाओं के आयोजन, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकों के आयोजन, हिंदी पत्रिकाओं के प्रकाशन, राजभाषा नियम 11 के अनुपालन आदि मदों पर छमाही रिपोर्टों की समीक्षा की गई ।
अपने कार्यालय में राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु 18 सदस्य कार्यालयों को शील्ड से सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया तथा इस अवधि के दौरान हिंदी गृह पत्रिका प्रकाशित करने वाले 11 सदस्य कार्यालयों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया I
मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार चौधरी ने अपने उद्बोधन में नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ को अखिल भारतीय स्तर पर राजभाषा विभाग द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ’ श्रेणी में सम्मानित किए जाने पर बधाई दिया और साथ ही राजभाषा विभाग द्वारा पूर्व, पूर्वोत्तर, उत्तर -1 एवं उत्तर -2 क्षेत्रों हेतु कोलकाता में आयोजित होने वाले संयुक्‍त क्षेत्रीय राजभाषा सम्‍मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सभी को आमंत्रित भी किया ।
अध्यक्ष महोदय श्री राजिन्दर कुमार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सम्मानित सदस्य कार्यालयों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सभी सदस्य कार्यालयों से राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, परस्पर सहयोग एवं रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से राजभाषायी प्रगति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
बैठक का समापन सदस्य सचिव श्री ओम प्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ I

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *