November 26, 2026

संविधान दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

0

 

*संविधान दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ*

संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा श्री धनंजय कुमार सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों की गारंटी प्रदान करता है तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के योगदान और उनके दूरदर्शी विचारों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में संविधान में निहित मूल्यों का पालन करना तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना हम सभी का दायित्व है।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी, 1950 को लागू किया गया। वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। यह दिवस हमें लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश देता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे