पौराणिक हंस तीर्थ में दर्शन-पूजन बाधित करने का आरोप, संरक्षण की मांग

प्रयागराज। झूंसी स्थित पौराणिक हंस तीर्थ में श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन से रोकने और धार्मिक परंपराओं में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया गया है। गुरुवार को तीर्थ से जुड़े कई पदाधिकारी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार पहुंचे और मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीर्थ क्षेत्र में आश्रम और निर्माण कार्यों की आड़ में श्रद्धालुओं के आवागमन का सार्वजनिक मार्ग बाधित किया जा रहा है, जिससे धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
पदाधिकारियों के मुताबिक, भगवान विष्णु के हंसावतार की जन्मभूमि माने जाने वाले इस तीर्थ में हंस जयंती पर प्रतिवर्ष धार्मिक शोभायात्रा और परिक्रमा की परंपरा है। आरोप है कि इस बार यात्रा के दौरान रास्ते में भारी वाहन और निर्माण उपकरण खड़े कर श्रद्धालुओं का रास्ता रोका गया। तीर्थ यात्रियों के साथ अभद्रता और उनकी सुरक्षा को खतरा पहुंचाने के भी आरोप लगाए गए।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से तीर्थ क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराने और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन का मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सनातनी समाज से अपील की कि पौराणिक धार्मिक धरोहर के संरक्षण के लिए आगे आएं, ताकि हंस तीर्थ की धार्मिक परंपराएं सुरक्षित रह सकें।

