November 12, 2026

उत्तर मध्य रेलवे: चौरीचौरा एक्सप्रेस बेपटरी मामले में रेलवे प्रशासन का स्पष्टीकरण, सभी यात्री सुरक्षित

0

*उत्तर मध्य रेलवे: चौरीचौरा एक्सप्रेस बेपटरी मामले में रेलवे प्रशासन का स्पष्टीकरण, सभी यात्री सुरक्षित*


*उच्च स्तरीय बहु विभागीय कमेटी द्वारा की जा रही घटना के कारणों की जांच*
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर गत 11 नवंबर 2026 को चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोचों के पटरी से उतरने की घटना के संबंध में रेलवे प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक वक्तव्य के अनुसार, इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
रेलवे प्रशासन मीडिया में प्रकाशित कुछ रिपोर्टों पर संज्ञान लेते हुए यह स्पष्ट करना चाहता है कि घटना के संबंध में बिना आधिकारिक पुष्टि के 33 यात्रियों के घायल होने जैसी भ्रामक जानकारियां प्रसारित की गईं, जो कि तथ्यहीन हैं। घटना के तुरंत बाद रेलवे के जनसंपर्क अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया और आधिकारिक माध्यमों से सही और अद्यतन सूचना लगातार साझा की जा रही थी।
*घटना की जांच जारी, मीडिया से संवेदनशीलता की अपेक्षा* – प्रशासन के अनुसार, इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की एक उच्च स्तरीय बहु विभागीय 4 सदस्यीय जे.ए.जी स्तर की कमेटी का गठन किया गया है, जिसकी जांच अभी प्रक्रियाधीन है। इस कमेटी में संरक्षा, यांत्रिक, विद्युत (परिचालन), एवं सिविल इंजीनियरिंग विभाग अधिकारी शामिल हैं। रेलवे ने ऐसे समय में बिना तथ्यों के सत्यापन के रिपोर्टिंग करने पर चिंता जताई है, जिससे आम जनता के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है और जांच भी परोक्ष रूप से प्रभावित होती है।
*यात्रियों की सुविधा के लिए त्वरित व्यवस्थाएं*- दुर्घटना के बाद प्रभावित चारों एसी कोचों के यात्रियों की आगे की यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा एक विशेष ट्रेन का संचालन किया गया था। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को समुचित बेडिंग, स्नैक्स, भोजन के पैकेट और पेयजल की बोतलें उपलब्ध कराई गईं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे प्रशासन ने दोहराया है कि वह यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे