श्रृंग्वेरपुर महोत्सव में तीन लाख से अधिक दीपों से जगमगाया श्रीरामघाट, श्रीश बाहुबली महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
– जय श्रीराम सेवा समिति के द्वारा तीन दिवसीय श्रृंग्वेरपुर महोत्सव का हुआ आयोजन

– उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगातार दो दिनों तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और वीडियो कॉल से जुड़कर की बातचीत, श्रीश बाहुबली महाराज के वक्तव्य को सुनकर जताया आभार
प्रयागराज। श्रृंग्वेरपुरधाम में जय श्रीराम सेवा समिति द्वारा आयोजित सातवें श्रृंग्वेरपुर महोत्सव एवं भव्य दीपोत्सव में तीन लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर श्रीरामघाट को रोशनी से जगमगा दिया गया। जय श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ 6 वर्षीय बाल संत श्रीश बाहुबली महाराज ने दीपदान एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन कर भगवान श्रीराम की नगरी श्रृंग्वेरपुरधाम में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का संदेश दिया गया। महोत्सव के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लगातार दोनों दिन कार्यक्रम से जुड़े रहे। पहले दिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजकों एवं संतों से बातचीत की, जबकि दूसरे दिन वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी ली। इस दौरान श्रीश बाहुबली महाराज ने उपमुख्यमंत्री को अपना वक्तव्य सुनाया और महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीश बाहुबली महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

