October 31, 2026

प्रयागराज ग्रुप रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 का गंगपुर, चुनार में समापन

0

 

प्रयागराज ग्रुप रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 का गंगपुर, चुनार में समापन


प्रयागराज ग्रुप द्वारा आयोजित रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 में वन यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, प्रयागराज के 60 कैडेट्स ने भाग लिया। एक अधिकारी एवं 26 स्टाफ सदस्यों के सहयोग से संचालित इस अभियान का शुभारंभ प्रयागराज स्थित सरस्वती घाट से किया गया, जहाँ अपर महानिदेशक, उत्तर प्रदेश एनसीसी द्वारा हरी झंडी दिखाकर अभियान दल को रवाना किया गया।


गंगा नदी के माध्यम से आयोजित इस साहसिक अभियान का उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, सामूहिकता एवं साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना था। अभियान दल अपनी यात्रा के दौरान गंगा नदी के विभिन्न घाटों एवं गाँवों से होकर आगे बढ़ा। इस क्रम में विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पड़ाव डालते हुए कैडेट्स ने स्थानीय विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा अपने अभियान के माध्यम से साहसिक गतिविधियों, सामाजिक सहभागिता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


अभियान के दौरान एक चुनौतीपूर्ण परिस्थिति उस समय उत्पन्न हुई, जब अभियान दल विश्वंदरपुर पहुँचा। इस दौरान तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम अत्यंत खराब हो गया तथा गंगा नदी में तेज बहाव एवं प्रतिकूल जल परिस्थितियों के कारण नौकायन करना बेहद कठिन हो गया। अभियान का अगला निर्धारित पड़ाव कटनई घाट था, लेकिन मौसम की गंभीरता और नदी की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण नौकाओं को आगे बढ़ाना अत्यंत मुश्किल हो गया।


इन विषम परिस्थितियों के बावजूद अभियान दल ने काफी प्रयास एवं धैर्य के साथ अपनी यात्रा जारी रखने का प्रयास किया। कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए दल विश्वंदरपुर से आगे बढ़कर नेवरिया घाट तक पहुँचने में सफल रहा, लेकिन तूफान के लगातार प्रभाव एवं नदी की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते कटनई घाट तक पहुँचना संभव नहीं हो सका।
कैडेट्स एवं अभियान से जुड़े सभी सदस्यों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लिया गया। इस प्रकार निर्धारित मार्ग में आवश्यक बदलाव करते हुए अभियान का समापन गंगपुर, चुनार में किया गया।
रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 का समापन समारोह बल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज, गंगपुर, चुनार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रयागराज ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सौरभ वत्स मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य, विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के पुलिसकर्मियों ने भी सहभागिता की। सभी की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा एवं उत्साह को और बढ़ाया।
यह समापन समारोह इसलिए भी विशेष महत्व रखता था क्योंकि 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर स्थापित बल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज, गंगपुर में रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 का समापन होना इस अवसर को और भी गौरवपूर्ण एवं यादगार बना गया। इस अवसर पर सभी एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ (Pledge Ceremony) में सहभागिता की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के एकीकरण में उनके अतुलनीय योगदान एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने आपसी सद्भाव, भाईचारे, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा ग्रहण की। इस प्रकार गंगा की धारा के साथ शुरू हुआ यह साहसिक अभियान राष्ट्रीय एकता, सामूहिकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि ने अभियान में भाग लेने वाले सभी 60 कैडेट्स, अधिकारी एवं स्टाफ सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक अभियान युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने अभियान के दौरान कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित साहस, धैर्य, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा की तथा इस बात पर जोर दिया कि किसी भी साहसिक अभियान में परिस्थितियों का सही आकलन एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है।
साहसिक अनुभव और अविस्मरणीय सीख
रिवर सेलिंग एक्सपीडिशन–2026 वन यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, प्रयागराज के कैडेट्स के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी अनुभव रहा। इस अभियान ने प्रतिभागियों को नौकायन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन, टीमवर्क, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं प्राकृतिक चुनौतियों से निपटने की महत्वपूर्ण सीख दी।
प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण निर्धारित नौकायन मार्ग पूरा नहीं हो पाने के बावजूद अभियान दल का उत्साह एवं प्रतिबद्धता बनी रही। यह अभियान कैडेट्स के लिए इस सीख के साथ संपन्न हुआ कि वास्तविक साहस केवल लक्ष्य तक पहुँचने में नहीं, बल्कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, विवेक एवं सुरक्षा के साथ निर्णय लेने में भी निहित है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे