अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) ने प्रयागराज छिवकी जंक्शन पर यात्रियों से किया जनसंवाद

यात्रियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना, बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर*
यात्रियों को बेहतर रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा यात्री संवाद और फीडबैक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने दिनांक 22 अक्तूबर, 2026 को प्रयागराज छिवकी जंक्शन पर यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में उनकी राय, समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनकी अपेक्षाओं को समझा तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और सुविधाओं को अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाने के लिए यात्रियों के सुझावों के महत्व को रेखांकित किया।
जनसंवाद के दौरान स्टेशन परिसर की स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता, प्रतीक्षालय तथा अन्य बुनियादी यात्री सुविधाओं जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। यात्रियों से प्राप्त सुझावों को सुविधाओं के स्तर में सुधार और व्यवस्थाओं को अधिक यात्री अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) ने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि, सुविधा एवं सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। यात्रियों से प्रत्यक्ष संवाद करने से उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलती है। उन्होंने यात्री हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए सुविधाओं में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रयागराज मंडल का यह प्रयास यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मंडल द्वारा यात्रियों की आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं को अधिक सुगम, स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

