त्योहारों से पहले एक्शन मोड में प्रयागराज पुलिस, फाफामऊ से शांतिपुरम तक निकला फ्लैग मार्च

अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, सड़क से अतिक्रमण हटाने और यातायात सुचारु रखने के दिए निर्देश
प्रयागराज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयागराज पुलिस अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में रविवार को फाफामऊ क्षेत्र में ट्रैफिक एडिशनल डीसीपी पुष्कर वर्मा और एसीपी थरवई अगेंद्र यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च फाफामऊ चौराहे से शुरू होकर शांतिपुरम चौराहे तक पहुंचा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए वाहन चालकों और दुकानदारों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सड़क पर खड़े टैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा और विक्रम चालकों को माइक के माध्यम से सड़क खाली रखने की हिदायत दी गई, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च के जरिए आमजन को सुरक्षा का भरोसा देने के साथ ही लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इस दौरान फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक यादव सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखना, भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की समस्या को नियंत्रित करना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।

