August 11, 2026

मुकदमा वापस लो वरना अंजाम बुरा होगा

0

मुकदमा वापस लो वरना अंजाम बुरा होगा

यूपी पुलिस से फरार एक लाख का इनामिया गुलशन यादव का भाई छविनाथ यादव पर हिमांशु मिश्रा को धमकाने का केस दर्ज

कुंडा प्रतापगढ़। न्यायालय परिसर में पेशी के लिए पहुंचे एक वादी को 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी के भाई और समाजवादी पार्टी के नेता द्वारा सरेआम धमकाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीवानी न्यायालय कुंडा में हुई इस घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कुंडा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित हिमांशु मिश्रा पुत्र देवेन्द्र मिश्रा निवासी ग्राम मऊदारा थाना मानिकपुर का आरोप है कि वह अपने एक पुराने मुकदमे मु.अ.सं.-306/2023 की पैरवी के लिए न्यायालय आया था। इसी दौरान सपा नेता छविनाथ यादव पुत्र सुन्दर लाल निवासी ग्राम करेटी थाना मानिकपुर ने उससे मिलकर पैरवी बंद करने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी आग-बबूला हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपी ने कहा कि जेल से बाहर आकर वह सभी वादियों और गवाहों को निपटा देगा।आरोपी ने राजेंद्र यादव हत्या कांड का हवाला देते हुए कहा कि उस मामले में गवाहों के डरकर मुकर जाने के कारण वह और उसका भाई बरी हो गए थे। उसने स्वयं को 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी का भाई बताया। आरोपी ने कहा कि उसका भाई समाजवादी पार्टी से कुंडा का पूर्व प्रत्याशी रहा है और पूर्व में जनपद का जिला अध्यक्ष भी रह चुका है। वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।हिमांशु मिश्रा ने तहरीर में कहा है कि आरोपी के रसूख और दबंगई के कारण वह तथा उसका परिवार भयभीत है। आरोपी ने उसे चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कुंडा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। न्यायालय परिसर में इस तरह की घटना से अधिवक्ताओं और वादियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता की जानी चाहिए ताकि वादी और गवाह बिना भय के न्याय की प्रक्रिया में भाग ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *