प्रयागराज अबान के दोस्त उमर और जैद की हालत नाजुक, दिल्ली रेफर

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की हादसे में मौत के बाद 8 अगस्त, शनिवार को उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इसी हादसे में घायल अतीक के रिश्तेदार उमर और जैद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उमर का इलाज पहले प्रयागराज के आशुतोष हॉस्पिटल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी तीन पसलियां टूट गई हैं और हाथ-पैर में फ्रैक्चर है। हालत बिगड़ने के साथ उसके फेफड़ों में भी गंभीर समस्या बताई गई। शनिवार शाम तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार को उसका ऑपरेशन हुआ।
वहीं, दूसरे घायल जैद की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। जैद की दो पसलियां टूटने के साथ एक हाथ और दोनों पैरों में फ्रैक्चर है। गर्दन के पास भी चोट लगी है। सिर में गंभीर चोट के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर रविवार सुबह उसे दिल्ली ले जाया गया, जहां उसे मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की सलाह पर उसे ब्रेन के इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया गया।
हादसे में कार में सवार तीसरे युवक फारुख अहजम की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। उसके हाथ-पैर में चोटें आई हैं और शरीर पर कई जगह मामूली जख्म हैं। उसका इलाज करेली के अस्पताल में चल रहा है।

