September 29, 2026

प्रयागराज के मुंडेरा में 8 साल के मासूम की संदिग्ध मौत, मां और कथित मामा हिरासत में

0

 

प्रयागराज के मुंडेरा में 8 साल के मासूम की संदिग्ध मौत, मां और कथित मामा हिरासत में
प्रयागराज के मुंडेरा एडीए कॉलोनी क्षेत्र में शनिवार रात 8 साल के मासूम अयान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जबकि उसके मुंह से भी काफी खून बहा था। सूचना मिलने पर धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बच्चे की मां सीमा मूल रूप से कौशांबी के सरायअकिल क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी मेरठ निवासी एक व्यक्ति से हुई थी, जो सऊदी अरब में नौकरी करता है। पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला चल रहा था। इसी दौरान सीमा की मुलाकात उबैद नामक युवक से हुई, जो बेगम बाजार क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। बाद में सीमा अपने तीन बच्चों के साथ मुंडेरा में उबैद के साथ किराए के मकान में रहने लगी।
शनिवार शाम सीमा काम पर गई हुई थी। मोहल्लेवालों के अनुसार करीब 7 बजे घर से अयान के तेज रोने और चीखने की आवाजें सुनाई दीं। कुछ देर बाद आवाज बंद हो गई। थोड़ी देर बाद सीमा घर पहुंची और खून से लथपथ अयान को लेकर अस्पताल भागी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में पहले मां ने दावा किया कि बच्चा सीढ़ियों से गिरकर घायल हुआ था। लेकिन जब पुलिस ने छोटे भाइयों से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध हो गया। दोनों बच्चों ने बताया कि उनके बड़े भाई अयान को “मामू ने मारा” था।
इसके बाद पुलिस ने उबैद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि वह बच्चों को पढ़ाता था और शनिवार को पढ़ाने के दौरान उसने अयान को थप्पड़ मारे थे। उसके अनुसार बाद में अयान सीढ़ियों से गिर गया। हालांकि आसपास के लोगों का कहना है कि उबैद बच्चे को अक्सर बेरहमी से पीटता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। घर से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने मां सीमा और उबैद दोनों को हिरासत में लिया है।
डीसीपी मनोज कुमार शांडिल्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे