प्रयागराज प्रयागराज मंडल में चलाया गया मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान, 511 यात्रियों को किया गया प्रभारित, 3,00,335/- रुपए वसूला गया जुर्माना

प्रयागराज। मण्डल अपने सभी यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएँ प्रदान करने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में विविध अभियान चलाता रहता है । प्रयागराज मण्डल सभी यात्रियों को अच्छा भोजन, शुद्ध पेय जल, स्वच्छ शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ टिकट रहित और अनियमित यात्रा करने वालो पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों एवं गाड़ियों में टिकट चेकिंग अभियान चलाता रहता है। दिनांक 19 अप्रैल 2026 को सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार के सुपरविजन में एक व्यापक एवं सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत प्रयागराज मण्डल के विभिन्न स्टेशनों एवं 18 से अधिक ट्रेनों में विशेष जांच की गई। टिकट जांच स्टाफ द्वारा गहन निरीक्षण करते हुए बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों तथा अनबुक्ड लगेज ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस अभियान में 27 चेकिंग स्टाफ, 10 रेलवे सुरक्षा बल कर्मी एवं 2 राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों ने मिलकर कार्य किया । इस विशेष अभियान के दौरान कुल 511 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के तहत प्रभारित किया गया, जिनसे कुल 3,00,335/- रुपए का जुर्माना वसूल किया गया । इसमें 217 बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से 1,56,000/- रुपए, 289 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 1,40,710/- रुपए, 3 यात्रियों से धूम्रपान/गंदगी फैलाने के लिए 300/- रुपए एवं अनबुक्ड लगेज के लिए 2 यात्रियों को प्रभारित कर 3,325/- रुपये जुर्माना वसूला गया। यह अभियान न केवल राजस्व वृद्धि में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि रेल परिसरों में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। रेल प्रशासन अपने सभी सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। यात्रियों से अनुरोध है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और किसी भी प्रकार की असुविधा या अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें।

