अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्रा के द्वारा मंगलवार को नगर पंचायत लालगोपालगंज का औचक निरीक्षण किया

प्रयागराज। अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्रा के द्वारा मंगलवार को नगर पंचायत लालगोपालगंज का औचक निरीक्षण किया गया। नगर पंचायत में नवीन प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गयी जिन कार्यो को पूर्ण नहीं कराया गया है उन्हें समयान्तर्गत पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। नगर पंचायत लालगोपालगंज स्थित अस्थायी गौशाला के निरीक्षण में 68 गोवंशों की उपस्थित पायी गयी, भूसा, चूनी, चोकर आदि पर्याप्त मात्रा में पाये गये। हरा चारा नहीं पाया गया जिसके लिये अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत लालगोपालगंज को निर्देशित किया गया कि हरा चारा पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित किया जाय। पशुचिकित्सक का ड्युटी रजिस्टर मौके पर नहीं मिला निर्देशित किया गया कि पशुचिकित्साधिकारी का ड्युटी रजिस्टर एवं उनका पालीवार रजिस्टर तत्काल बनाते हुये गौशाला पर ही रखा जाय। अधिशासी अधिकारी गौशाला का प्रतिदिन निरीक्षण कर फोटो स्वयं वाट्सअप ग्रुप पर उपलब्ध करायेगे। नगर पंचायत की वंदन योजना के अन्तर्गत कराये जा रहे तालाब सौंदरीकरण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुये कार्य को समयान्तर्गत पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये। नगर पंचायत स्थित सुलभ शौचालयों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पायी गयी, सफाई नायक को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के साथ सफाई व्यवस्था प्रतिदिन सुचारू रूप से कराये जाने के निर्देश दिये गये। जेठवारा मार्ग व काली माई मंदिर रोड़ पर आवागमन में जाम की समस्या को समाप्त किये जाने हेतु रोड पटरी पर कब्जा कर दुकान चला रहे व्यक्तियों को सामुहिक रूप से निर्देश दिये गये कि व्यवसाय हेतु चिन्हित वेड़िग जोन में तत्काल अपनी दुकाने लगाये सड़क पर अतिक्रमण स्वतः हटा लें अन्यथा सड़क पटरी पर अवैध कब्जा करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार जुर्माना वसूलते हुये अवैध कब्जा हटाया जायेगा। राजकीय सम्पत्ति पर किसी भी प्रकार से कब्जा न होने पाये। शासकीय भूमियों के चिन्हीकरण हेतु उपजिलाधिकारी सोरांव को निर्देशित किया गया कि समस्त राजकीय भूमि को चिन्हांकित कराकर कब्जा मुक्त कराये एवं अवैध कब्जेदारों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।

