May 14, 2026

कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने किया इलाहाबाद विश्वविद्यालय नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन

0

 

कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने किया इलाहाबाद विश्वविद्यालय नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन

प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीनेट परिसर में स्थित नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन मंगलवार को कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पोस्ट ऑफिस द्वारा छात्रों, कर्मचारियों और पुराछात्रों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।

उद्घाटन के दौरान कुलपति ने सब पोस्ट ऑफिस में स्थापित “चाय एंड चिट्ठी” कैफे का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सेवाओं की सराहना की। भारतीय डाक विभाग द्वारा शुरू किया गया यह कैफे एक अभिनव पहल है, जहां डाक सेवाओं के साथ-साथ लोगों को सस्ती दरों पर कॉफी उपलब्ध होगी और साथ ही पुस्तकें पढ़ने की सुविधा भी मिलेगी।

इस मौके पर कला संकाय की डीन प्रो. अनुराधा अग्रवाल, विज्ञान संकाय के डीन प्रो. एस.आई. रिजवी, डीन छात्र कल्याण प्रो. एन.के. शुक्ल, रजिस्ट्रार प्रो. आशीष खरे, कुलानुशासक डॉ. अतुल नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

युवाओं के लिए मॉडल पोस्ट ऑफिस

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्थापित यह मॉडल पोस्ट ऑफिस विशेष रूप से नई पीढ़ी के युवाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसमें आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है, जिसमें डाक सेवाओं के अलावा सेविंग बैंक खाता, आरडी (Recurring Deposit) और कम प्रीमियम पर जीवन बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अतिरिक्त, इस पोस्ट ऑफिस में यूपीआई सहित सभी प्रकार की ऑनलाइन भुगतान सुविधाएं भी शुरू कर दी गई हैं, जिससे लेन-देन और अधिक आसान हो गया है।

आधार सेवाएं भी उपलब्ध

नेक्स्ट जेन सब पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। अब विश्वविद्यालय के छात्र, कर्मचारी और पुराछात्र कैंपस में ही आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

“चाय एंड चिट्ठी” कैफे की विशेषता

सब पोस्ट मास्टर आलोक कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, इस कैफे में विद्यार्थी कॉफी का आनंद लेते हुए पुस्तकें भी पढ़ सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा, जिससे यह स्थान पढ़ाई और संवाद का एक अनोखा केंद्र बन जाएगा।

यह पहल विश्वविद्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और छात्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

#Prayagraj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे