जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा के बहुउद्देशीय सभागार का भूमि पूजन व शिलान्यास किया

प्रयागराज, 25 नवंबर 2026: नागरिक सुरक्षा कार्यालय प्रांगण में आज क्रिटिकल गैप्स योजना के अंतर्गत बनने वाले बहुउद्देशीय सभागार का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा मनीष कुमार वर्मा ने भूमि पूजन कर नारियल फोड़ने के साथ शिलापट्ट का अनावरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज मिश्रा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्वागत संबोधन चीफ वार्डन अनिल कुमार ने दिया। उन्होंने जिलाधिकारी एवं नियंत्रक के प्रति आभार जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह के विशेष सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।
चीफ वार्डन अनिल कुमार ने बताया कि सभागार के निर्माण से विभाग को और अधिक सशक्त व क्रियाशील बनाने में मदद मिलेगी। इसके तैयार होने पर एक साथ 100 व्यक्तियों की बैठक और प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे स्वयंसेवकों को सुविधा मिलेगी और प्रतिकूल मौसम में भी विभागीय गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।
भूमि पूजन में शामिल सभी लोगों को जिलाधिकारी एवं नियंत्रक द्वारा प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप नियंत्रक नीरज मिश्रा ने विभाग के दीर्घकालीन हितों में सभागार निर्माण की पहल के लिए मुख्य विकास अधिकारी तथा जिलाधिकारी एवं नियंत्रक का धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उप नियंत्रक नीरज मिश्रा, चीफ वार्डन अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता एस.पी. मिश्रा, सहायक अभियंता देवी प्रसाद मिश्रा, स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन एल.के. अहेरवार सहित डिवीजनल वार्डन डॉ. शशांक ओझा, श्री कृष्ण तिवारी, राजीव भनोट, रौनक गुप्ता, डिप्टी डिवीजनल वार्डन आशीष बाजपेयी, स्टाफ ऑफिसर रविशंकर द्विवेदी मनोज कुमर, पूनम गुप्ता योगराज पांडेय, सुरेन्द्र यादव, मार्किन्डेय राय विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

