प्रयागराज में तीन दिशाओं में बनेंगे नए अंतरजनपदीय बस अड्डे, जाम से मिलेगी राहत; राजापुर, नैनी और रामबाग में लेबर अड्डे भी होंगे विकसित
*प्रयागराज में तीन दिशाओं में बनेंगे नए अंतरजनपदीय बस अड्डे, जाम से मिलेगी राहत; राजापुर, नैनी और रामबाग में लेबर अड्डे भी होंगे विकसित*

*कनिहार, लेप्रसी चौराहा और फाफामऊ में बस अड्डों के लिए भूमि चिन्हित, मिंटो पार्क का होगा कायाकल्प; वायु प्रदूषण कम करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय*
*प्रयागराज*।प्रयागराज शहर को जाम से राहत दिलाने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहरी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए मंडल प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर निर्णय लिया है। शहर के तीन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर अंतरजनपदीय बस अड्डे विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऐतिहासिक मालवीय पार्क (मिंटो पार्क) का सौंदर्यीकरण, श्रमिकों के लिए व्यवस्थित लेबर अड्डे और सड़कों के किनारे जमा कूड़ा एवं मिट्टी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इन योजनाओं को लेकर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने नगर आयुक्त साई तेजा और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज के साथ बैठक की। बैठक में शहर को जाममुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ यातायात दबाव कम करने तथा वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
*तीन दिशाओं में बनेंगे अंतरजनपदीय बस अड्डे*
शहर में बाहरी जिलों से आने वाली बसों के प्रवेश से प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के लिए तीन दिशाओं में नए अंतरजनपदीय बस अड्डे विकसित किए जाएंगे। वाराणसी मार्ग से आने वाली बसों के लिए कनिहार, चित्रकूट एवं रीवा मार्ग की बसों के लिए लेप्रसी चौराहे के पास तथा लखनऊ मार्ग से आने वाली बसों के लिए फाफामऊ में बस अड्डे प्रस्तावित किए गए हैं।
नगर निगम द्वारा तीनों स्थानों पर भूमि चिन्हित कर ली गई है। आगे की प्रक्रिया के लिए रोडवेज को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इन बस अड्डों से यात्रियों को शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने के लिए सिटी बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे बाहरी बसों का शहर के भीतर अनावश्यक प्रवेश कम होगा और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है।
*मिंटो पार्क का होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण*
शहर के ऐतिहासिक मालवीय पार्क (मिंटो पार्क) को बेहतर स्वरूप देने के लिए नगर निगम वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पार्क का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और रखरखाव कराएगा। इस संबंध में वन विभाग और डीएफओ स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
पार्क के बेहतर प्रबंधन, नियमित रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे यह सार्वजनिक स्थल नागरिकों के लिए अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बन सके।
*राजापुर, नैनी और रामबाग में बनेंगे लेबर अड्डे*
शहर में काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए व्यवस्थित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रथम चरण में राजापुर, नैनी एवं रामबाग में तीन लेबर अड्डे विकसित किए जाएंगे।
राजापुर स्थित लेबर अड्डे का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और नवंबर माह के अंत तक इसका शुभारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। इन लेबर अड्डों के विकसित होने से श्रमिकों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और सड़कों, चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनियोजित श्रमिक जमावड़ों को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
*धूल और कूड़े से मुक्ति के लिए चलेगा विशेष अभियान*
शहर में वायु प्रदूषण कम करने और एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में सुधार लाने के लिए नगर निगम सड़कों के किनारे जमा मिट्टी एवं कूड़े को हटाने का विशेष अभियान चलाएगा। सड़क किनारे जमा धूल और मिट्टी वाहनों की आवाजाही से उड़कर वायु प्रदूषण बढ़ाती है। इसे नियंत्रित करने के लिए नियमित सफाई, मिट्टी हटाने और कूड़े का समय से उठान सुनिश्चित किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावों और योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रयागराज को व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है।

