November 16, 2026

15 से अधिक घाटों की व्यापक सफाई कर लौटाई गई घाटो की स्वच्छता और सुंदरता

0

15 से अधिक घाटों की व्यापक सफाई कर लौटाई गई घाटो की स्वच्छता और सुंदरता*

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के समापन एवं उषा अर्घ्य के पश्चात नगर निगम प्रयागराज द्वारा शहर के 15 से अधिक गंगा एवं यमुना घाटों पर व्यापक विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। रात्रिकालीन सफाई के साथ सुबह से ही भारी संख्या में सफाई मित्रों, आधुनिक मशीनों एवं संसाधनों को लगाकर सभी घाटों को पुनः स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया।


इस विशेष अभियान में स्प्रिंकलर मशीन, जेसीबी, रोबोटिक सफाई मशीन एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से घाटों की सफाई कराई गई। सभी घाटों के डस्टबिन खाली कर उनकी धुलाई की गई, रंगोलियों एवं सजावटी व्यवस्थाओं को हटाया गया तथा पूरे घाट परिसर की धुलाई कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई।


मोबाइल टॉयलेट एवं स्थायी शौचालयों की विशेष साफ-सफाई कराई गई। अर्पण कलशों से एकत्रित फूल-मालाओं एवं पूजन सामग्री को कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से एकत्र कर नैनी स्थित बायो-CNG प्लांट भेजा गया।
इस अभियान के दौरान लगभग 5 टन गीला कचरा एवं 2 टन सूखा कचरा एकत्रित हुआ। गीले कचरे को प्रसंस्करण हेतु बायो-CNG प्लांट तथा सूखे कचरे को रिसाइक्लिंग के लिए नजदीकी एमआरएफ सेंटर भेजा गया।


घाटों के साथ-साथ उनसे जुड़े बाजारों एवं संपर्क मार्गों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र को पुनः स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
इस पूरे अभियान में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
आस्था के महापर्व का सफल आयोजन और उसके पश्चात स्वच्छता की यह प्रतिबद्धता, स्वच्छ एवं सुंदर प्रयागराज के संकल्प को साकार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे