आस्था, स्वच्छता और दिव्यता के संगम के साथ प्रयागराज में मनाया गया महापर्व छट पूजा

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर नगर निगम प्रयागराज द्वारा शहर के 15 से अधिक गंगा एवं यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

इस अवसर पर घाटों पर विशेष साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, हेल्प डेस्क, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जल में बैरिकेडिंग एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई। घाटों को आकर्षक पेंटिंग, रंगोली, सेल्फी पॉइंट, रिसाइकल्ड बेंच एवं हरे-भरे पौधों से सजाया गया।
गंगा की स्वच्छता के लिए स्कीमर एवं रिवर स्कीमर मशीनों का संचालन किया गया। साथ ही ट्रिपल आर (RRR) सेंटर, डस्टबिन एवं वेस्ट टू आर्ट जैसी पहल के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा दिया गया। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त छठ के संकल्प के साथ कपड़े के थैलों का वितरण तथा आसपास के बाजारों में प्लास्टिक मुक्त बाजार हेतु जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
आयोजन की व्यापक तैयारियों के अंतर्गत नगर निगम द्वारा लगभग 5,829 सफाई कर्मियों, 108 सफाई सुपरवाइजरों एवं 97 मिनी सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था हेतु लगभग 12,000 लाइटों की व्यवस्था की गई। फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, पेयजल आपूर्ति एवं 24×7 क्विक रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया गया।
इस आयोजन में स्वयं सहायता समूहों, NCC कैडेट्स, सिविल डिफेंस एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
पूरे आयोजन के दौरान नगर निगम प्रयागराज के अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई मित्र सभी घाटों पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं का निरंतर संचालन करते रहे।
यह आयोजन आस्था के साथ स्वच्छता, जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नगर निगम की प्रतिबद्धता का परिचायक बना।
स्वच्छ घाट, स्वच्छ गंगा, स्वच्छ प्रयागराज।

