November 14, 2026

सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, वात्सल्य कैंपस, गौहनिया, प्रयागराज में आज बाल दिवस के अवसर पर भव्य शैक्षणिक प्रदर्शनी ‘कैलाइडोस्कोप – बहुरूपदर्शक’ एवं मनोरंजक बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया

0

 

सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, वात्सल्य कैंपस, गौहनिया, प्रयागराज में आज बाल दिवस के अवसर पर भव्य शैक्षणिक प्रदर्शनी ‘कैलाइडोस्कोप – बहुरूपदर्शक’ एवं मनोरंजक बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया।

प्रयागराज। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शिक्षा, रचनात्मकता, मनोरंजन और बाल प्रतिभाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।


शैक्षणिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, कला, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी), पर्यावरण, वाणिज्य सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल, कलात्मक कृतियाँ एवं नवाचारी परियोजनाएँ प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उनकी विषयगत समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और सृजनात्मक क्षमता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत विभिन्न मॉडल एवं परियोजनाएँ आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता को आत्मविश्वास के साथ समझाया।

इस अवसर पर आयोजित बाल मेले ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों, आकर्षक स्टॉलों, स्वादिष्ट व्यंजनों एवं अनेक रोचक गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। रंग-बिरंगी सजावट और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया, स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा अपने मित्रों एवं शिक्षकों के साथ खूब मस्ती की। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की हँसी, उमंग और उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि
पूर्व प्रधानाचार्या, जगत तारन गोल्डन जुबली स्कूल की सुश्री इंद्राणी गुप्ता जी,पूर्व प्रधानाचार्या सुश्री रति अस्थाना जी और अंग्रेज़ी विषय की पूर्व प्रवक्ता सुश्री स्वाति अस्थाना जी रहीं।
उन्होंने शैक्षणिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, परिश्रम एवं वैज्ञानिक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे अवसर बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शैक्षणिक प्रदर्शनियाँ बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करती हैं, वहीं बाल दिवस जैसे आयोजन उनके जीवन में आनंद, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अनुभव जोड़ते हैं।

डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कुछ विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर एवं प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता और उनकी सक्रिय सहभागिता ही इस आयोजन की वास्तविक सफलता है।

विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जया लक्ष्मी सेठ ने कहा कि ‘कैलाइडोस्कोप – बहुरूपदर्शक’ विद्यार्थियों की मेहनत, नवाचारी सोच एवं सीखने के प्रति उनके उत्साह का सजीव प्रतिबिंब है। बाल दिवस मेले ने इस आयोजन को और भी आनंदमय बना दिया। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण प्रदान करना है, जहाँ वे शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मकता, आत्मविश्वास, व्यावहारिक कौशल एवं जीवन के आनंदपूर्ण अनुभवों से भी जुड़ सकें। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार की सराहना की।

दोनों आयोजनों को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर राजेश तिवारी, सबीहा, स्वराज गुप्ता, सचिंत गुप्ता, सरोज बाला, रितु दयाल, विनायक मालवीय,
प्रज्योत सेन, कंचन कौशल, श्रीराम गुप्ता,एस.एन. पाण्डेय, आदित्य, नीलिमा, सत्यजीत, प्रदीप, संदीप , सोनी, हेबा, मुक्ति चड्ढा, साहिल, श्रद्धा, कृतिका, सारिका,अर्शिया एवं दीपाली सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे