छठ पूजा को लेकर फाफामऊ गंगा घाट पर तैयारियां तेज, थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ किया पैदल निरीक्षण

प्रयागराज। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर फाफामऊ गंगा घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ पर्व पर गंगा घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।
इसी क्रम में फाफामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक छोटक यादव ने पुलिस टीम के साथ गंगा घाटों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उपनिरीक्षक सौमित्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों, स्नान स्थलों और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
गंगा में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित दायरे में रहकर स्नान और पूजा-अर्चना कर सकें। पुलिस टीम द्वारा माइक से अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने, सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई।
वहीं पार्षद पति श्याम जी गुप्ता नगर निगम की टीम के साथ घाट पर मौजूद रहे। घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाएं गंगा तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी तथा अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी।
छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।

