₹650 का पेट्रोल डलवाया और पेमेंट कर दिए ₹65 हजार! फिर ऐसे उड़ाए ठगी के पैसे, पूरा गिरोह गिरफ्तार

चित्रकूट में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया। प्रयागराज के रहने वाले कुछ युवकों ने पेट्रोल पंपों को ही साइबर ठगी का जरिया बना लिया था।
दरअसल, गिरोह के सदस्य पहले लोगों के बैंक अकाउंट हैक करते थे। इसके बाद जिस पेट्रोल पंप पर ठगी की रकम मंगवानी होती, वहां के किसी कर्मचारी को अपने साथ मिला लेते थे।
ठगी का तरीका भी बेहद शातिर था।
आरोपी एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और महज ₹650 का पेट्रोल डलवाया। लेकिन ऑनलाइन पेमेंट करते समय ₹650 की जगह ₹65,000 ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी से ₹64,350 वापस मांग लिए। पहले से गिरोह के साथ मिला कर्मचारी बाकी रकम उन्हें नकद लौटा देता था।
इसी तरीके से आरोपियों ने चित्रकूट के कई पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया।
लेकिन एक गलती ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
दरअसल, एक पेट्रोल पंप मालिक का बैंक खाता अचानक सीज हो गया। जांच में पता चला कि दक्षिण भारत के एक व्यक्ति की शिकायत के बाद बैंक खाते को होल्ड किया गया है। साइबर टीम ने जांच की तो सामने आया कि ठगी की रकम इसी पेट्रोल पंप के खाते में ट्रांसफर हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की पड़ताल की और गिरोह तक पहुंच गई।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस ने प्रयागराज निवासी तीन आरोपियों सिद्धार्थ आदिवासी, प्रियांशु और नितिन प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है।
एक तरफ साइबर ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी छोटी-सी गलती भी पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचा सकती है।

