अरैल में युवक को दुकान से बाहर बुलाकर पीटा, जान से मारने की धमकी देकर फरार

प्रयागराज। नैनी कोतवाली क्षेत्र के अरैल में दोस्तों के साथ गए एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने उसे दुकान के बाहर बुलाकर लाठी-डंडों और घूंसे से जमकर पीटा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। जबकि उसका मोबाइल भी गायब हो गया।
गुरुनानक नगर, नैनी निवासी अभिषेक पाण्डेय पुत्र ज्ञानेंद्र पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्तों अंकित, साहिल, शिवम यादव, रिशभ राव, आकाश और सिद्धांत मिश्रा सहित अन्य लोगों के साथ अरैल गया था। इसी दौरान करीब 10 अज्ञात युवक उसे दुकान के बाहर बुलाकर ले गए और हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन भी वहीं गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर नैनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

