November 3, 2026

पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को दिया आत्मनिर्भरता का नया संबल : महापौर गणेश केसरवानी

0

 

पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को दिया आत्मनिर्भरता का नया संबल : महापौर गणेश केसरवानी।

‘स्वनिधि महोत्सव’ में लाभार्थियों को वितरित किए प्रतीकात्मक चेक, डिजिटल लेनदेन अपनाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को किया सम्मानित।

 

छोटे कारोबारियों के सपनों को नई उड़ान दे रही पीएम स्वनिधि योजना, आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत हो रहे कदम।

प्रयागराज, 3 नवंबर 2026। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में नगर निगम, प्रयागराज एवं डूडा द्वारा आयोजित ‘स्वनिधि महोत्सव’ में महापौर गणेश केसरवानी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने रेहड़ी-पटरी विक्रेता भाई-बहनों को संबोधित करते हुए पीएम स्वनिधि योजना को छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। साथ ही, समय पर ऋण अदायगी एवं डिजिटल लेनदेन को अपनाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

महापौर ने कहा कि एक समय था जब छोटे कारोबारियों को अपनी आर्थिक जरूरतों के लिए ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उनके कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। इससे छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान महापौर ने परिसर में लगाए गए स्ट्रीट वेंडर्स के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके उत्पादों एवं खान-पान की वस्तुओं को देखा। उन्होंने विक्रेताओं के हुनर, मेहनत और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

महापौर ने कहा कि हमारा संकल्प है कि प्रत्येक रेहड़ी-पटरी विक्रेता को आर्थिक संबल मिले, उनका कारोबार आगे बढ़े और वे आत्मसम्मान के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें। पीएम स्वनिधि जैसी योजनाएं छोटे कारोबारियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, नगर आयुक्त श्री सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त श्री शादाब असलम, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय, परियोजना निदेशक डूडा श्रीमती प्रतिभा, जोनल अधिकारी संजय ममगई एवं विकास, सदस्य टाउन वेंडिंग कमेटी सदस्य रविशंकर द्विवेदी, संचालक अभिजीत मिश्र, वरिष्ठ पार्षद किरण जायसवाल सहित पार्षदगण आशीष द्विवेदी, रितेश मिश्रा (अंशु पंडित), भोला तिवारी, अनुपमा पांडेय, अखिलेश सिंह, मोहम्मद आजम, बलराज पटेल, दरबारी लाल, प्रेम नारायण, संजय, जगदीश एवं प्रतिभा श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे