November 3, 2026

RO/ARO एवं UPPCS परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोक सेवा आयोग पर हुंकार, जूनियर शिक्षक भर्ती के लिए सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को सौंपा ज्ञापन

0

 

RO/ARO एवं UPPCS परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोक सेवा आयोग पर हुंकार, जूनियर शिक्षक भर्ती के लिए सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 3 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, RO/ARO मुख्य परीक्षा के पूर्ववर्ती पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न को बहाल करने तथा UPPCS मुख्य परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया को अभ्यर्थियों के लिए अधिक पारदर्शी बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आज संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने आयोग के गेट नंबर-2 पर हुंकार भरी और अपना विरोध एवं मांगें दर्ज कराईं।

हुंकार मंच की ओर से आयोग के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन में मांग की गई कि RO/ARO मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न में किए गए अचानक बदलाव पर पुनर्विचार करते हुए पूर्ववर्ती व्यवस्था बहाल की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि अचानक हुए बदलाव से उनकी वर्षों की तैयारी, अध्ययन सामग्री और परीक्षा रणनीति प्रभावित हुई है।

इसके साथ ही UPPCS मुख्य परीक्षा की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को OTR के व्यक्तिगत लॉगिन के माध्यम से एक-दो बार देखने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा CM Fellowship के अंतर्गत दिए जाने वाले अतिरिक्त वेटेज को समाप्त कर सभी अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

UPPCS एवं अन्य परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर मंच की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं—

1. RO/ARO मुख्य परीक्षा का पूर्ववर्ती पाठ्यक्रम एवं परीक्षा पैटर्न बहाल किया जाए।
2. UPPCS मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं OTR के माध्यम से अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाएं।
3. CM Fellowship के अंतर्गत दिए जाने वाले अतिरिक्त वेटेज को समाप्त किया जाए।
4. लंबित एवं संबंधित परीक्षाओं की संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी तत्काल जारी की जाए।
5. सभी वर्गों (श्रेणियों) का कटऑफ सार्वजनिक किया जाए।
6. सभी अभ्यर्थियों की व्यक्तिगत मार्कशीट एवं प्राप्तांक जारी किए जाएं।
7. अभ्यर्थियों की OMR शीट की कार्बन कॉपी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाए।
8. मुख्य परीक्षा के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों वाले भाग की उत्तर कुंजी जारी की जाए तथा आपत्तियों के निस्तारण के बाद संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी भी प्रकाशित की जाए।
9. आयोग की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हुंकार मंच का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता केवल परिणाम जारी करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उत्तर कुंजी, मूल्यांकन, प्राप्तांक और चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में अभ्यर्थियों को स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

जूनियर शिक्षक भर्ती के मुद्दे पर सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन

इसी क्रम में आज गिरजाघर धरना स्थल, प्रयागराज पर संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के नेतृत्व में शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने जूनियर शिक्षक भर्ती के संबंध में सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से कक्षा 6 से 8 तक की जूनियर शिक्षक भर्ती का रास्ता खोलने, आवश्यक पदों के सृजन तथा भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर जूनियर शिक्षक भर्ती की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

अधिकारियों से आग्रह किया गया कि जूनियर शिक्षक भर्ती को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जाए, रिक्तियों का आकलन किया जाए तथा पद सृजन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए भर्ती विज्ञापन जारी करने की दिशा में ठोस पहल की जाए।

हुंकार मंच ने कहा कि जूनियर शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य लंबे समय से अनिश्चितता में है। इसलिए विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

4 नवंबर को लखनऊ चलो अभियान, ईको गार्डन में जुटेंगे शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी

जूनियर शिक्षक भर्ती एवं TGT भर्ती सहित शिक्षक भर्ती से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कल, 4 नवंबर 2026 को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रातः 11 बजे से लखनऊ चलो अभियान के अंतर्गत अभ्यर्थियों का जुटान प्रस्तावित है।

संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने प्राथमिक, जूनियर एवं TGT शिक्षक भर्ती से संबंधित सभी अभ्यर्थियों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी मांगों को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाएं।

हुंकार मंच का स्पष्ट कहना है कि यह संघर्ष किसी राजनीतिक दल के बैनर पर नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों के भविष्य, रोजगार के अवसर और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए है।

संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षक भर्ती में अवसर सुनिश्चित कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जारी रहेगा। जब तक अभ्यर्थियों की समस्याओं पर ठोस निर्णय एवं लिखित कार्यवाही नहीं होती, तब तक इन मुद्दों को संबंधित विभागों और आयोग के समक्ष उठाया जाता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे