आगरा में 10 हजार की रिश्वत लेते जेई और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, केमिकल टेस्ट में भी हुई पुष्टि

*नए बिजली कनेक्शन की मंजूरी के नाम पर मांगी थी रिश्वत, विजिलेंस के पोस्टर पर मिले हेल्पलाइन नंबर से शिकायतकर्ता ने की थी शिकायत; घूसकांड में एक और संविदाकर्मी की भूमिका की जांच*
*आगरा* उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शमसाबाद विद्युत उपखंड कार्यालय में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता (जेई) विनेश यादव (कुमार) और निविदा कर्मी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेंद्र सिंह को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले के अनुसार, शमसाबाद निवासी अर्जुन पुत्र रामसेवक ने 24 अक्टूबर 2026 को अपने नए मकान के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन किया था। आरोप है कि साइट निरीक्षण के बाद नया कनेक्शन स्वीकृत कराने के एवज में जेई विनेश यादव ने उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर से संपर्क कर लिखित शिकायत की।

