प्रयागराज के कोरांव में रामलीला देखने जा रहे अधिवक्ता प्रशांत पांडेय को मारी गई गोली,दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश गोली मारकर हुए फरार

*बाएं हाथ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमले की वजह स्पष्ट नहीं*
प्रयागराज। यमुनापार के कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थरताल गांव में बुधवार की रात रामलीला देखने जा रहे अधिवक्ता प्रशांत पांडेय (45) पर चार नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग कर दी। दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली अधिवक्ता के बाएं हाथ में लगी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अभी उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय रमाशंकर पांडेय के पुत्र प्रशांत पांडेय बुधवार की रात भोजन करने के बाद गांव के हनुमान मंदिर में आयोजित रामलीला देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान देवघाट मार्ग पर वह अपने पड़ोसी को भी रामलीला देखने के लिए बुलाने जा रहे थे। रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से वह घायल हो गए।
घटना के बाद प्रशांत किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोरांव ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अधिवक्ता के भाई अतुल पांडेय के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक,तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, अधिवक्ताओं ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

