ऐतिहासिक डाक विरासत से रूबरू हुए स्कूली बच्चे : बमरौली में डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन
*ऐतिहासिक डाक विरासत से रूबरू हुए स्कूली बच्चे : बमरौली में डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन*

एयर फोर्स फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (रीजनल), हेडक्वार्टर सेंट्रल एयर कमांड एवं डाक विभाग तथा फिलैटेलिक सोसाइटी के सौजन्य से प्रयागराज के बमरौली स्थित ऐतिहासिक पुराने डाकघर में डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

ऐतिहासिक भवन की पृष्ठभूमि में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य डाक विरासत को पुनर्जीवित करना तथा स्कूली बच्चों को पारंपरिक संचार माध्यमों से परिचित कराना था।

बमरौली हवाई अड्डे के ऐतिहासिक महत्व एवं प्रारंभिक हवाई डाक सेवा से उसके जुड़ाव को दर्शाते हुए वायु सेना स्टेशन बमरौली और हवाई डाक से संबंधित एक विशेष खंड प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर बच्चों ने बीते ज़माने के पोस्टकार्डों पर अपनी चित्रकला का प्रदर्शन किया और अंतर्देशीय पत्र लिखे, जिन्हें डाक विभाग ने उनके परिजनों तक पहुँचाने का आश्वासन दिया। यह उनके परिजनों के लिए एक यादगार लम्हा होगा। बच्चों का उत्साह देखने लायक था और यह अनोखा अनुभव उनके लिए सदैव यादगार रहेगा।

इस प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों को भारत की समृद्ध डाक टिकट विरासत की झलक देखने को मिली। साथ ही, इस आयोजन ने उनकी रचनात्मकता, सांस्कृतिक जागरूकता तथा हस्तलिखित पत्राचार के प्रति रुचि को प्रोत्साहित किया।

यह पहल अतीत और वर्तमान के बीच एक सुंदर सेतु साबित हुई, जिसने डिजिटल युग में भी हस्तलिखित पत्रों के महत्व और उनसे जुड़ी आत्मीय भावनाओं का संदेश नई पीढ़ी तक पहुँचाया।

