पवित्र त्रिवेणी की धारा में फ्लोटिंग जेटी पर गंगा की आरती का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुभारंभ कराने के बाद अब प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने संगम समेत बड़े हनुमान मंदिर कारिडोर व अक्षयवट कारिडोर के पास समग्र विकास योजना तैयार
पवित्र त्रिवेणी की धारा में फ्लोटिंग जेटी पर गंगा की आरती का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुभारंभ कराने के बाद अब प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने संगम समेत बड़े हनुमान मंदिर कारिडोर व अक्षयवट कारिडोर के पास समग्र विकास योजना तैयार किया है.

छावनी परिषद करता है पार्किंग का ठेका
इसमें सबसे महत्वपूर्ण श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों से की जाने वाली मनमानी वसूली पर अंकुश लगाने की योजना है. प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से इसके लिए अहम कदम उठाए जा रहे हैं. दरअसल, मेला क्षेत्र में माघ मेला व कुंभ के अलावा लगभग 10 माह तक वाहनों के पार्किंग का ठेका छावनी परिषद की ओर से संचालित किया जाता है. परिषद ही इसका टेंडर देता है. इसमें पार्किंग का ठेका लेने वाले के साथ ही अन्य दबंग लोग भी जगह-जगह वसूली करने लगते हैं. कोई परेड में तो बांध के नीचे तो कई लोग संगम व हनुमान मंदिर के आस-पास वाहनों से मनमानी वसूली करवाता है. बड़ी बस से 200, मिनी बस से 100 तो कार से 50 रुपये की वसूली होती है. इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई है. उपमेलाधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि इसके तहत पार्किंग का स्थल निर्धारित किया जाएगा. पार्किंग शुल्क भी निर्धारित होगा, जिसके रेट बोर्ड भी लगाए जाएंगे.
पेड़ों के नीचे बैठने के लिए लगेंगे बेंच
संगम में दूर-दराज के श्रद्धालु आते हैं तो यहां पर ही भोजन भी पकाते हैं, जिसके लिए भी प्राधिकरण स्थल निर्धारित करने जा रहा है, जहां पर बिजली-पानी के साथ ही बर्तन आदि के प्रबंध किए जाएंगे. समग्र विकास योजना के तहत संगम क्षेत्र एवं हनुमान मंदिर के आसपास पौधारोपण, वृक्षों के नीचे बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश एवं पेंटिंग कार्य के कार्य कराए जाएंगे. इसके अलावा मार्गों एवं पिलरों पर शिलालेख, प्रयागवाल एवं घाटिया कालोनी का सौंदर्यीकरण होगा. फूड कोर्ट, वेंडिंग जोन, ड्राप आफ जोन, बच्चों एवं आमजन के लिए मनोरंजन गतिविधियां संंचालित होंगी.
संगम व बड़े हनुमान मंदिर तथा अक्षयवट कारिडोर के पास होने वाले कार्य समग्र विकास योजना के तहत कराए जाएंगे. मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाएगा, जहां वाहनों का शुल्क भी तय किया जाएगा.
– ऋषि राज, मेलाधिकारी व पीडीए उपाध्यक्ष

