रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय : UG-PG और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, दिशा-निर्देश जारी
रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय : UG-PG और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, दिशा-निर्देश जारी

प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी)-2026 और नियमित पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। विभिन्न स्नातक, परास्नातक, एकीकृत और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए 25 जून तथा नियमित पाठ्यक्रमों के लिए 30 जून निर्धारित की गई है।
पंजीकरण में कई पाठ्यक्रमों के चयन की सुविधा
छात्रों को एक ही पंजीकरण में अनेक समूहों और कई पाठ्यक्रमों का चयन करने की सुविधा दी गई है। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग आवेदन करने की परेशानी से राहत मिलेगी। सीईटी-2026 के तहत स्नातक के बाद संचालित पाठ्यक्रमों में एमसीए, एलएलएम, एमबीए, एमबीए इन पब्लिक पालिसी एंड गवर्नेंस तथा कृषि और उद्यानिकी से जुड़े विभिन्न एमएससी कार्यक्रम शामिल हैं।
12वीं के बाद के रोजगारपरक कोर्स भी
वहीं 12वीं के बाद संचालित पाठ्यक्रमों में आइपीएम (बीबीए), बीए-एलएलबी आनर्स, बीसीए, बीफार्मा, बीएससी एग्रीकल्चर आनर्स तथा इंटीग्रेटेड एमटेक (एआइ एंड डेटा साइंस) जैसे आधुनिक और रोजगारपरक कोर्स शामिल किए गए हैं।
इन विषयों में पांच वर्षीय कोर्स
नियमित एकीकृत पाठ्यक्रमों में पांच वर्षीय एकीकृत कार्यक्रमों के तहत बीए-एमए, बीकाम-एमकाम और बीएससी-एमएससी जैसे कोर्स संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा हिंदी, संस्कृत, भूगोल, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, योग, रक्षा एवं सामरिक अध्ययन जैसे विषयों में एमए तथा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान में एमएससी पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश दिए जाएंगे।
ज्योतिष, कर्मकांड व योग आदि के भी पाठ्यक्रम
विश्वविद्यालय ने पारंपरिक शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा पर भी जोर दिया है। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ज्योतिष, कर्मकांड, योग, साइबर सिक्योरिटी, क्रिमिनोलाजी एंड क्रिमिनल जस्टिस, पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान, टूरिज्म एंड हास्पिटैलिटी तथा सृजनात्मक मीडिया लेखन एवं हिंदी पत्रकारिता जैसे पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं।
कुलपति ने कहा- विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि बहु विषयक (मल्टीडिसिप्लिनरी) और अंतर विषयक (इंटरडिसिप्लिनरी) चाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत विद्यार्थियों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी विश्वविद्यालय विशेष अवसर प्रदान करेगा, ताकि वे स्नातक और परास्नातक अध्ययन के साथ यूपीएससी, पीसीएस, एसएससी और यूजीसी नेट-जेआरएफ जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
सामान्य वर्ग के लिए 1200 रुपये आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1200 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 800 रुपये निर्धारित किया गया है। नियमित पाठ्यक्रमों के लिए शुल्क क्रमशः 800 और 500 रुपये रखा गया है।
#Prayagraj

