May 12, 2026

प्रमुख सचिव ने ‘अनुभव वीथिका’ का किया अवलोकन, विशेष पहल को बताया प्रेरणादायी एवं पवित्र कार्य

0

 

प्रमुख सचिव ने ‘अनुभव वीथिका’ का किया अवलोकन, विशेष पहल को बताया प्रेरणादायी एवं पवित्र कार्य

इलाहाबाद संग्रहालय में दिव्यांगजन बच्चों हेतु निर्मित ‘अनुभव वीथिका’ का आज माननीय प्रमुख सचिव (होमगार्ड, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन) राजेश कुमार सिंह द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने वीथिका के उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने।

भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त एवं निदेशक, इलाहाबाद संग्रहालय श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने उन्हें संग्रहालय की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक महत्व एवं यहां संरक्षित विविध संग्रहों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद संग्रहालय देश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं बौद्धिक केंद्रों में से एक है, जहाँ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, साहित्य, कला, पुरातत्व एवं राष्ट्रीय धरोहर से जुड़े अनेक दुर्लभ संग्रह सुरक्षित हैं। संग्रहालय समावेशी एवं नवाचारी पहलों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक संस्कृति और ज्ञान पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है।

‘अनुभव वीथिका’ का उद्घाटन गत 6 मई को माननीया राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया था। वीथिका में 11 प्रमुख विरासत स्थलों एवं 10 वन्यजीवों की प्रतिकृतियों को ब्रेल लिपि, श्रव्य उपकरणों तथा स्पर्श आधारित माध्यमों से विकसित किया गया है। यह पहल दिव्यांग बच्चों के ज्ञान, संवेदनात्मक विकास एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। यह विशेष वीथिका 20 मई तक संचालित की जाएगी।

वीथिका भ्रमण के उपरांत संग्रहालय सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने ‘अनुभव वीथिका’ को “एक पवित्र एवं संवेदनशील प्रयास” बताते हुए कहा कि यह पहल समावेशी समाज निर्माण की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं संग्रहालय परिवार को शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजू मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अभय कुमार श्रीवास्तव (उपनिदेशक, प्रयागराज मंडल), अशोक कुमार गौतम (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी), चंद्रभान द्विवेदी (समन्वयक) सहित इलाहाबाद संग्रहालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे