May 12, 2026

प्रयागराज मण्डल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों हेतु नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा

0

 

प्रयागराज मण्डल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों हेतु नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा

प्रयागराज। गर्मी के तीव्र प्रकोप एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल ने विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा प्रारंभ की है। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में यह जनसेवा अभियान सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।

रेल प्रशासन और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से स्टेशन परिसरों में यात्रियों को स्वच्छ, ठंडा एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। भीषण गर्मी में यह व्यवस्था यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान कर रही है। पेयजल केंद्रों पर दिनभर नि:शुल्क जल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रतिदिन हजारों यात्री लाभान्वित हो रहे हैं।

मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कई स्वयंसेवी संस्थाएं सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रही हैं। मिर्जापुर स्टेशन पर जयहिंद मानवाधिकार संगठन एवं भला मानुष सेवा समिति, फिरोजाबाद स्टेशन पर भारत विकास परिषद, शिकोहाबाद स्टेशन पर श्री शिवसुंदर कांड सेवा समिति तथा अलीगढ़ जंक्शन पर मानव उपकार संगठन द्वारा यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी क्रम में हाथरस जंक्शन पर रामगोपाल दीक्षित मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्था, सूबेदारगंज स्टेशन पर भारत स्काउट एंड गाइड तथा गोविंदपुरी एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रैपिडो संस्था पेयजल सेवा में सहयोग कर रही है।

इसके अतिरिक्त इटावा जंक्शन पर भारत विकास परिषद एवं दहेज निवारण एवं समाज कल्याण परिषद, फतेहपुर स्टेशन पर रेडक्रॉस सोसायटी, मानिकपुर स्टेशन पर आदिवासी सेवा संस्थान, खुर्जा स्टेशन पर नगर पालिका तथा टूंडला जंक्शन पर आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्ति संगठन द्वारा यात्रियों के लिए नि:शुल्क शीतल जल की व्यवस्था की गई है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी बताया है। रेल प्रशासन ने कहा कि सामाजिक संगठनों का यह सहयोग जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल है। भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे तथा अधिकाधिक संस्थाओं को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे