संगम नगरी में मेट्रो संचालन के लिए ट्रैक बनाने की प्रक्रिया अगस्त से

प्रयागराज। संगम नगरी में मेट्रो संचालन के लिए ट्रैक बनाने की प्रक्रिया अगस्त से शुरू हो जाएगी। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की गाइड लाइन के अनुसार मेट्रो का संचालन संगम क्षेत्र में रोप-वे वाले रूट तक किया जाएगा।
गाइड लाइन के अनुसार एयरपोर्ट और रोप-वे क्षेत्र की ओर रूट का निर्धारण होने से लगभग 16 किलोमीटर का दायरा बढ़ जाएगा। दायरा बढ़ने से छह स्टेशनों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
शहर में पहले 44 किलोमीटर की दूरी में मेट्रो का संचालन किया जाना था लेकिन दायरा बढ़ाए जाने से 60 किलोमीटर में मेट्रो का संचालन कराने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
ट्रैफिक नियंत्रण व यातायात की व्यवस्था सुगम बनाने के लिए मेट्रो का संचालन दो रूटों पर किया जाना है। मेट्रो के संचालन में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।
बमरौली से सिटी लेक झूंसी तक पहले 23 किलोमीटर तक संचालन किया जाना था। लेकिन एयरपोर्ट और रोप-वे क्षेत्र तक रूट बढ़ाए जाने से अब 39 किलोमीटर का दायरा हाे गया है, वहीं शांतिपुरम से छिवकी तक 21 किलोमीटर तक मेट्रो चलेगी। इस रूट पर कोई भी बदलाव नहीं किया जाएगा।

