April 13, 2026

कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल में जून से हृदय रोगियों को एआई कैथ लैब की हाईटेक सुविधा

0

कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल में जून से हृदय रोगियों को एआई कैथ लैब की हाईटेक सुविधा

प्रयागराज: कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल में जून से हृदय रोगियों को एआई कैथ लैब की हाईटेक सुविधा मिलने लगेगी। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह कैथ लैब हाई डेफिनिशन थ्रीडी इमेजिंग से ब्लॉकेज की सटीक पहचान करेगी।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता से युक्त यह सिस्टम मैन्युअल त्रुटियों और विकिरण जोखिम को कम करेगा। देश में यह तीसरी और उत्तर प्रदेश की पहली एआई कैथ लैब होगी।

अस्पताल परिसर में कैथ लैब के लिए अलग रिकवरी रूम तैयार किया जा रहा है। यहां मरीजों को अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्सरे जैसी रेडियोलॉजी जांचें एक ही जगह मिलेंगी। इससे मरीजों को अस्पताल के कोने-कोने चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रिकवरी रूम का काम शुरू हो चुका है, जबकि एआई कैथ लैब पहले ही तैयार है।

AI कैथ लैब की खासियत:

यह कैथ लैब गैन्ट्री की सुगम गति से ऑपरेशन में लचीलापन देगी। पीसीआई असिस्ट जैसी उन्नत सुविधाओं से इमेज क्वालिटी बेहतर होगी, जिससे स्टेंट लगाने में अधिक सटीकता आएगी। स्मार्ट सॉफ्टवेयर प्रक्रिया के दौरान असमानताओं का पता लगाकर रोगियों को सुरक्षित उपचार सुनिश्चित करेगा।

युद्ध के कारण एक माह पहले पहुंची मशीन:

अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध की वजह से मशीन निर्धारित समय से एक माह पहले पहुंच गई। जर्मनी से मई में समुद्री मार्ग से आने वाली यह मशीन 29 मार्च को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंची। रिकवरी रूम तैयार होते ही संचालन शुरू हो जाएगा।

निदेशक बोले- उपचार होगा और बेहतर:

हरिओम सिंह, निदेशक कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल ने बताया कि एआई कैथ लैब से हृदय रोगियों का इलाज अब पहले से कहीं बेहतर होगा। मशीन इंस्टॉल हो चुकी है, जल्द ही सेवा शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *