October 21, 2026

प्रयागराज के झूंसी में नेपाली टूरिस्ट की कार का शीशा तोड़कर चोरी, कैश-पासपोर्ट समेत जरूरी सामान ले गए चोर

0

*प्रयागराज के झूंसी में नेपाली टूरिस्ट की कार का शीशा तोड़कर चोरी, कैश-पासपोर्ट समेत जरूरी सामान ले गए चोर*

*संगम स्नान के बाद अयोध्या दर्शन के लिए जा रहा था परिवार,अंदावा चौराहे पर रेस्टोरेंट के बाहर हुई वारदात,झूंसी पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी*

प्रयागराज। संगम स्नान के बाद अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे नेपाल के एक पर्यटक परिवार की कार को चोरों ने निशाना बना लिया। मंगलवार दोपहर झूंसी थाना क्षेत्र के अंदावा चौराहे पर स्थित ईंट एंड फिट रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर नकदी,मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और नागरिकता प्रमाणपत्र समेत जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। खाना खाने के बाद परिवार वापस लौटा तो कार में रखा सामान गायब मिला। पीड़ित परिवार की शिकायत पर झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

*रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था परिवार*

नेपाल के महोत्तरी जिले के मनराशिस्वा गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर अपने परिवार के साथ प्रयागराज आए थे। मंगलवार को संगम में स्नान करने के बाद परिवार अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुआ। दोपहर करीब 1:40 बजे परिवार अंदावा चौराहे पर स्थित ईंट एंड फिट रेस्टोरेंट के बाहर कार खड़ी कर खाना खाने चला गया। इसी दौरान चोरों ने कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा सामान पार कर दिया।

खाना खाने के बाद जब परिवार के सदस्य कार के पास पहुंचे तो शीशा टूटा मिला और अंदर रखा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

*पासपोर्ट और नागरिकता प्रमाणपत्र भी चोरी*

पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी हुए सामान में नकदी के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। अनिषा पांडेय का पासपोर्ट, दो एटीएम कार्ड, दो रेडमी मोबाइल फोन, एक स्मार्टवॉच, परिचय पत्र, पांच हजार नेपाली रुपये और 30 हजार भारतीय रुपये चोरी हुए हैं। अमृत प्रभात हिंदी दैनिक

वहीं, बलिराम प्रसाद सिंह के दो एटीएम कार्ड, एक रेडमी मोबाइल फोन, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, दो हजार भारतीय रुपये और घर की कुछ चाबियां भी चोर ले गए।

*32 हजार भारतीय और पांच हजार नेपाली रुपये गायब*

परिवार की शिकायत के अनुसार,चोर कुल 32 हजार भारतीय रुपये और पांच हजार नेपाली रुपये के साथ मोबाइल फोन व अन्य सामान ले गए हैं। पासपोर्ट और नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने से परिवार को आगे की यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अमृत प्रभात हिंदी दैनिक

बताया गया है कि परिवार चालक समेत यात्रा कर रहा था। वाहन में सात लोग और दो बच्चे सवार थे। संगम स्नान के बाद अयोध्या जाते समय हुई इस घटना से परिवार की यात्रा प्रभावित हो गई।

*सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस*

घटना की शिकायत मिलने के बाद झूंसी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *