November 23, 2026

प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला और नवजात की मौत, 20 यूनिट ब्लड की मांग पर उठे सवाल

0

प्रसव के कुछ घंटे बाद महिला और नवजात की मौत, 20 यूनिट ब्लड की मांग पर उठे सवाल

प्रयागराज। करेली थाना क्षेत्र स्थित किदवई मेमोरियल चैरिटेबल हॉस्पिटल, बी-ब्लॉक, जीटीबी नगर में 30 सितंबर को 26 वर्षीय मनीषा पाल और उनके नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


परिजनों के अनुसार, मनीषा पाल की यह दूसरी डिलीवरी थी। बताया जा रहा है कि नवजात का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ था। प्रसव के कुछ घंटे बाद मनीषा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल की ओर से तत्काल बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता बताई गई।
अस्पताल की ओर से जारी हस्तलिखित पर्ची में 20 यूनिट Whole Blood/PRBC की व्यवस्था करने का अनुरोध दर्ज है। पर्ची में यह भी लिखा है कि मरीज को रक्त चढ़ाने की आवश्यकता है तथा मरीज के नमूने को ब्लड ग्रुप/क्रॉस-मैचिंग के लिए भेजा जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि इमरजेंसी की स्थिति में इतनी बड़ी मात्रा में रक्त की तत्काल व्यवस्था करना उनके लिए बेहद मुश्किल था। इसी बीच मनीषा और नवजात दोनों की मौत हो गई।
मनीषा पाल प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के पत्रकार दिवाकर पाल की छोटी बहन थीं। उनकी आकस्मिक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नोट: परिजनों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हालांकि, चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि जांच और संबंधित चिकित्सा अभिलेखों के आधार पर ही की जा सकती है। मामले में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे