प्रयागराज के लाल फायरमैन विवेक कुमार पटेल को मिला राष्ट्रपति वीरता पदक, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान: किसान परिवार के बेटे ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव

आगजनी में जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगियां, परिजनों और क्षेत्र में खुशी की लहर
प्रयागराज, 16 अगस्त 2026। प्रयागराज के थाना करछना के कैथी चौराहा निवासी उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा विभाग, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में फायरमैन के पद पर कार्यरत विवेक कुमार पटेल को उनके साहसपूर्ण कार्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।
शांति काल का सर्वोच्च वीरता सम्मान
राष्ट्रपति वीरता पदक शांति काल में भारत सरकार के अर्धसैनिक बलों तथा राज्यों के पुलिस बलों के विभिन्न प्रभागों को उनके वीरतापूर्ण कार्य तथा उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। फायरमैन विवेक कुमार पटेल को यह सम्मान आगजनी एवं अन्य आपात परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना जोखिम उठाकर लोगों को सुरक्षित निकालने तथा जीव रक्षा और राहत-बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया है।
साधारण किसान परिवार से आते हैं विवेक
साधारण किसान परिवार से आने वाले फायरमैन विवेक कुमार पटेल के पिता राजेंद्र प्रसाद पटेल किसान हैं। उनके पिता ने बताया कि विवेक में बचपन से ही दूसरों की मदद करने और संकट की घड़ी में आगे बढ़कर बचाव कार्य करने का जज्बा रहा है। विवेक के बड़े भाई संजय कुमार पटेल राज्य कर विभाग प्रयागराज में कार्यरत हैं।
विभाग में उनकी इस बहादुरी के लिए उन्हें पहले भी विशेष रूप से सराहा गया है। राष्ट्रपति वीरता पदक मिलने की घोषणा से ही परिजनों, सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल था, अब पदक मिलने पर यह खुशी दोगुनी हो गई है। यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि उनके परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

