जनता दर्शन के दौरान एक अधिवक्ता ने एसडीएम के सामने नोटों की गड्डी रख दी
प्रयागराज के सदर तहसील में शुक्रवार को जनता दर्शन के दौरान एक अधिवक्ता ने एसडीएम के सामने नोटों की गड्डी रख दी। आरोप लगाया कि लेखपाल काम के बदले 50 हजार रुपये मांग रहा है। अधिवक्ता ने एसडीएम से कहा यदि यही तरीका है तो रिश्वत आपके सामने दे रहा हूं, अब काम करा दीजिए।
दरअसल, शुक्रवार को सदर तहसील में जनता दर्शन चल रहा था। एसडीएम अंकित वर्मा शिकायतें सुन रहे थे, तभी अधिवक्ता सुनील कुमार पहुंचे। उन्होंने जेब से नोटों का बंडल निकालकर टेबल पर रख दिया और कहा कि सिकंदर यादव नाम के व्यक्ति ने जमीन की पैमाइश कराने के लिए उनसे बात की थी। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में भूमाफिया के सक्रिय होने के कारण पैमाइश का कार्य लेखपाल सुधीर कुमार व मनीष कुमार को सौंपा गया था। दोनों लेखपालों ने रिपोर्ट प्रस्तुत करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की। भुगतान न होने पर रिपोर्ट देने में असमर्थता जताई। बताया गया कि रविवार को डीएम कार्यालय के मुख्य गेट के समक्ष 50 हजार रुपये दिए गए, जबकि शुक्रवार को सुबह 8:53 बजे मोबाइल कॉल के माध्यम से शेष 50 हजार रुपये की मांग की गई।

