डीएम और एसपी ने रवि को शुभकामनाएं देकर किया रवाना वर्ल्ड चैंपियनशिप रोमानिया के लिए

रिपोर्ट मनोज सिंह राणा
रेणुकूट (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश): जनपद सोनभद्र के रेणुकूट निवासी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले, उत्तर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है। रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं तथा वर्तमान में हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जेनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। अब वह आगामी 8वीं विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विशेष बात यह है कि रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह चैंपियनशिप 20 मई से 24 मई 2026 तक रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट स्थित कॉम्प्लेक्स स्पोर्टिफ “सैले पॉलीवैलेंटे डायनामो” में आयोजित होगी, जिसमें दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रवि सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। नौकरी के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई है रोमानिया रवाना होने से पहले आज सोनभद्र के जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने रवि सिंह को शुभकामनाएं देकर सम्मानपूर्वक रवाना किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए विश्व प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की। रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और सहयोगियों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ ठुल , उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह, क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार तथा संगठन के समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ। रवि सिंह ने कहा,“देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा समर्थन किया। मैं विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उतरूंगा।” रवि सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। रेणुकूट और पूरे सोनभद्र क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा सभी को उम्मीद है कि रवि सिंह विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करेंगे।

