मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती बाहुबली उमाकांत यादव के इलाज की सी एम् ओ से रिपोर्ट तलब

कोर्ट ने पूछा हार्ट का आपरेशन हुआ था नहीं, जमानत अर्जी की सुनवाई 20मई को
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हृदय रोगी से ग्रसित बाहुबली उमाकांत यादव के आपरेशन के बारे में सी एम् ओ लखनऊ से रिपोर्ट मांगी है,पूछा है कि याची का आपरेशन हो चुका है या नहीं और अगली सुनवाई की तिथि 20मई नियत की है।
यह आदेश न्यायमूर्ति विक्रम डी चौहान ने उमाकांत यादव की तीन जमानत अर्जियों की एक साथ सुनवाई करते हुए दिया है।
याची की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार व शिकायतकर्ता की ओर से संतोष कुमार वर्मा व वरिष्ठ अधिवक्ता डी आर चौधरी ने पक्ष रखा।
इससे पहले याची अधिवक्ता ने कहा था कि उमाकांत यादव हृदय व किडनी रोग से पीड़ित हैं।जिनका इलाज सर सुंदरलाल अस्पताल बी एच यू वाराणसी में चल रहा है। कोर्ट से जमानत पर रिहाई की मांग की और यह भी कहा कि अभिरक्षा में याची के हार्ट का आपरेशन मेदांता अस्पताल लखनऊ में कराया जाय। इलाज का सारा खर्च वह स्वयं करेगा।
इसपर कोर्ट ने राज्य सरकार को याची को लखनऊ मेदांता अस्पताल स्थानांतरित करने को कहा था। इलाज की मानीटरिंग की जिम्मेदारी सी एम् ओ को सौंपी थी।और कहा था डाक्टर की सलाह पर वह अस्पताल में रहेंगे। उसके बाद तुरंत जेल भेज दिया जायेगा।जिसपर याची को इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ भेजा गया है।जहां मेदांता में आपरेशन किया जाना था।

