February 8, 2026

बुंदेली सिंगिंग स्टार प्रतियोगिता का भव्य समापन, स्मिता राजपूत बनीं विजेता

0

बुंदेली सिंगिंग स्टार प्रतियोगिता का भव्य समापन, स्मिता राजपूत बनीं विजेता

रिपोर्ट, उदय नारायण अवस्थी

छतरपुरबुं। देलखंड के चर्चित डिजिटल मीडिया मंच बुंदेली दर्पण चैनल द्वारा बुंदेलखंड के प्रतिभाशाली लोकगायकों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “बुंदेली सिंगिंग स्टार” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ऑनलाइन ऑडिशन के माध्यम से प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया, जिसमें बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों से 158 प्रतिभागियों ने अपने वीडियो भेजे।

निर्णायक मंडल द्वारा चयन प्रक्रिया के उपरांत 40 प्रतिभागियों को क्वार्टर फाइनल के लिए आमंत्रित किया गया। 2 फरवरी को छतरपुर स्थित एक भव्य होटल में क्वार्टर फाइनल राउंड आयोजित किया गया, जिसमें 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर बुंदेलखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका उर्मिला पांडेय जी तथा प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर मनु खरे की विशेष उपस्थिति रही। निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध लोकगीत कलाकार जयप्रकाश पटेरिया एवं टॉप ग्रेड कलाकार मधुरेन्द्र आनंद शामिल रहे, जिनके निर्णय से 18 प्रतिभागियों को सेमीफाइनल के लिए चयनित किया गया।

6 फरवरी को लवकुशनगर के गणतंत्र मेला प्रांगण में सेमीफाइनल एवं ग्रैंड फिनाले का भव्य आयोजन किया गया। सेमीफाइनल राउंड में बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों से आए 17 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में आकाशवाणी के ए-ग्रेड कलाकार बद्री प्रसाद निरंकार, प्रसिद्ध मृदंगाचार्य पंडित अवधेश द्विवेदी, टॉप ग्रेड कलाकार आकाशवाणी, दूरदर्शन व राष्ट्रीय कीर्तनकार मातादीन विश्वकर्मा आकाशवाणी व दूरदर्शन कलाकार शामिल रहे। सेमीफाइनल के पश्चात 6 प्रतिभागियों को फाइनल राउंड के लिए चयनित किया गया।

ग्रैंड फिनाले की शुरुआत आतिशबाजी के साथ हुई,शानदार मुकाबले के बाद महोबा की स्मिता राजपूत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
द्वितीय स्थान पन्ना की वेदिका मिश्रा ने प्राप्त किया, जबकि
तृतीय स्थान अमानगंज की प्रज्ञा पाराशर,
चतुर्थ स्थान टीकमगढ़ की सविता राजपूत,
पंचम स्थान छतरपुर की भारती चौबे,
तथा षष्ठम स्थान महोबा की निवेसिका तिवारी ने प्राप्त किया।

विजेता को ₹11,000 की नगद राशि, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। द्वितीय पुरस्कार में ₹7,000, तृतीय पुरस्कार में ₹5,000 की नगद राशि व ट्राफी, उपहार दिए गए। साथ ही टॉप-6 प्रतिभागियों को भी उपहार भेंट किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद पटेरिया उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
डीडी नेशनल के चर्चित शो “सिम्फनी ऑफ इंडिया” के टॉप फाइनलिस्ट आदर्श जोशी ने स्टार परफॉर्मेंस दे कर शमा बाँध दिया । वहीं पखावज वादन में पूरे बुंदेलखंड का नाम रोशन करने वाले अनमोल द्विवेदी ने भी सोलो तबला वादन में विशेष प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ गौरिहार की अंशिका एवं राधिका सोनी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ।नगर परिषद के सौजन्य श्याम हुए इस आयोजन में नगर परिषद के अध्यक्ष जीतेन्द्र खटीक, पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य जन,पत्रकार साथी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

बुंदेली दर्पण चैनल द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति, संगीत प्रतिभाओं और क्षेत्रीय कला को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *